विभिन्न बिरादरी के युवाओं को जोड़कर सांसद राजकुमार सैनी ने युवा मोर्चे का गठन मंगलवार को किया। सांसद के इस नए संगठन का नाम राजकुमार सैनी युवा मोर्चा रखा गया है, जोकि सांसद के समर्थन में प्रदेश में प्रचार करेगा और सैनी की सोच को बढ़ावा देने का काम करेगा। सोमवार को कुरुक्षेत्र के सैनी समाज भवन में मोर्चे का गठन कर सावित्री बाई फुले की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सांसद ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्री बाई फुले ने देश की अखंडता, एकता और समानता का पाठ पढ़ाकर अशिक्षा के अंधकार से बाहर निकाला। आज समाज को उन महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेने की जरूरत है। राजकुमार सैनी ने आरएसवाईएम के गठन करने और उनकी मुहिम को आगे बढ़ाने के विचार से जुड़ने पर युवाओं का आभार व्यक्त किया और युवाओं को आश्वासन दिया कि जनहित में जो लड़ाई वो लड़ रहे हैं, उसे अंजाम तक पहुंचाए बिना उसे बीच नहीं छोड़ेंगे।
सांसद ने कहा कि युवाओं को महापुरुषों को विचारों और आदर्शों पर चलने की जरूरत है। राजकुमार सैनी ने कहा कि तत्कालीन सरकारों ने केवल युवाओं का इस्तेमाल किया उन्हें मंजिल तक नहीं पहुंचाया युवा कल के भारत के कर्णधार हैं। सैनी ने कहा कि युवाओं के अधिकारों की सुरक्षा और रोजगार के लिये भाजपा सरकार योग्यता के आधार पर नौकरियां दे रही है, जबकि तत्कालीन सरकारों ने हाथों की जगह पांव के अंगुठे लगावाकर सैकड़ों चहेतों को भर्ती कर दिया। सैनी ने कहा कि ऐसे लोग आज तिहाड़ में अपने कर्मों की सजा भुगत रहे हैं। सैनी ने कहा कि वे युवाओं के कल्याण और विकास के लिये सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेंगे।
रवि डोडाखेडी बने आरएसवाईएम के जिला अध्यक्ष
सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि जिस मुहिम में वह पिछले काफी समय से चला रहे हैं उसे जन आंदोलन का रूप देने के लिये विभिन्न बिरादरियों के युवाओं को जोड़ना जरूरी है। इसी के लिए राजकुमार सैनी युवा मोर्चा का गठन हुआ है। बताया गया है कि यह मोर्चा सांसद सैनी के समर्थन में प्रदेश भर में प्रचार-प्रसार और विरोधियों को जवाब देगा। मोर्चे के पहली बैठक कुरुक्षेत्र के सैनी धर्मशाला में हुई। बैठक में माता सावित्री बाई फुले की जयंती मनाने के साथ-साथ आरएसवाईएम की कार्यकारिणी का गठन कर आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद सैनी ने की। इसमें युवाओं ने रवि डोडाखेडी को सहमति से आरएसवाईएम कुरुक्षेत्र का जिला प्रधान मनोनीत किया गया। वहीं इस अवसर पर युवा नेता राजेंद्र प्रतापगढ़ ने कहा कि आरएसवाईएम प्रदेशभर के विभिन्न जिलों और हलकों में कार्यकारिणी गठित करेगी।
सांसद सैनी देंगे आरएसवाईएम की टीम को प्रचार सामग्री
सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि वे आरएसवाईएम की टीम को प्रचार सामग्री देंगे, जिसमें कुरुक्षेत्र समानता सम्मेलन में लिए गए पांच सूत्रीय संकल्प के अलावा समानता और राष्ट्र कल्याण की भावना को बल देने का संदेश होगा। सैनी ने कहा कि वे किसी बिरादरी के खिलाफ नहीं है, बल्कि पिछले वर्ष में जो आतंक और आगजनी की उसके खिलाफ है। सैनी ने कहा कि वह हमेशा गरीब और कमजोर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिये लड़ते रहेंगे। सौ प्रतिशत आरक्षण, हम दो हमारे दो, राज्यसभा को खत्म करो, मनरेगा को कृषि से जोड़कर गरीब लोगों को रोजगार दो, एक परिवार एक रोजगार योजना की प्रचार सामग्री भी युवाओं को दी जाएगी। इस अवसर पर सतबीर जोगनाखेडा, कर्मबीर पांचाल, अशोक कसेरला, मोहन कसेरला, जगन्नाथ हरियापूर, तरसेम रतगल, बहादूर सिंह, संजय सुनहेडी, तुषार, भूषण बचगांव, अमित रोहिल्ला, सुरेश, सतीश समेत लोकतंत्र सुरक्षा मंच के प्रधान नयाब पटाकमाजरा, सुभाष कसीथल, रणवीर बिंट, सौहन सैनी, गुरनाम प्रधान, बलजीत सिंह सैनी, मायाराम सैनी, अश्वनी चंदेल, आशु बिशनगड समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।