MP Naib Singh Saini and MLA Subhash Sudha distributed helmets to the people
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने व लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए स्वयं सांसद नायब सिंह सैनी व विधायक सुभाष सुधा ने कमान संभाली है। इन जन प्रतिनिधियों ने न केवल लोगों को प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण की तरफ से निशुल्क हेलमेट वितरित किए हैै, बल्कि लोगों से यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए भी प्रार्थना की है। यह संदेश आरटीए विभाग की तरफ से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास भी किया जाएगा।
आरटीए विभाग की तरफ से परिवहन मंत्रालय भारत सरकार के आदेशानुसार 11 जनवरी से 17 जनवरी तक मनाए गए सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन समारोह पर पुराने बस स्टैंड पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा व अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी, आरटीए सचिव उर्मिल श्योकंद ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन समारोह के कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इस दौरान 150 वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। इस दौरान जन प्रतिनिधियों ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की अपील भी की है।
सांसद नायब सिंह सैनी ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि आज तेज रफ्तार के युग में लोग ट्रैफिक नियमों की पूर्णत: पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रदेश और जिले में सरकार और प्रशासन की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे है कि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें। जब सभी लोग नियमों का पालन करेंगेें तो निश्चित ही सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ में गिरावट आएगी।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करके ही अपने जीवन को सुरक्षित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा सप्ताह को लेकर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया और लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया।
आरटीए सचिव उर्मिल श्योकंद ने हादसे रोकने को लेकर चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर मोटर वाहन अधिकारी सुनील कुमार, एसएचओ ट्रैफिक रामकरण, निरीक्षक जोगिंद्र ढुल, निरीक्षक बलजीत सिंह, उप निरीक्षक रोशन लाल, कंट्रोल रूम ट्रैफिक इंचार्ज सतबीर सिंह, उप निरीक्षक सुरजीत सिंह, एएसआई गौरव कुमार सहित अन्य ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी मौजूद थे।