कुरुक्षेत्र। मातृ दिवस के दौरान नृत्य करते छात्र। स्वयं
- फोटो : samvad
कुरुक्षेत्र। श्री महावीर जैन पब्लिक स्कूल में वीरवार को मातृ दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, समूह गीत, नृत्य और लघु नाटिका के माध्यम से मां के प्रति अपना प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। कक्षा 10वीं की छात्राओं ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर वर्तमान समाज में मां के महत्व को दर्शाया। प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों को माता-पिता के प्रति आदर और अच्छे व्यवहार का संदेश दिया गया। वहीं कक्षा छठी और सातवीं के विद्यार्थियों ने समूह गीत प्रस्तुत कर माताओं को नमन किया। कक्षा चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुति के जरिये मां के त्याग, प्रेम और विभिन्न स्वरूपों को मंच पर जीवंत किया। प्रधानाचार्य पूजा शर्मा ने कहा कि मातृ दिवस केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि हर दिन मां का सम्मान और आदर किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।