संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। नेशनल हाईवे 152 पर गांव टिकरी के निकट कार की चपेट में आने से स्कूटी चालक 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसकी बेटी घायल हो गई। हालत गंभीर होने के कारण बेटी को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। मृतक महिला की शिनाख्त सतविंद्र कौर वासी बकाना शाहाबाद के रूप में हुई। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
थाना सदर पुलिस को दी अपनी शिकायत में रोड़ी प्लाट अधोया की जसविंद्र कौर ने बताया कि उसकी ननद सतविंद्र कौर शाहाबाद के गांव बकाना में ब्याही है। उसका पति अमरीक सिंह व बेटा लवप्रीत विदेश में रहते हैं। बेटी सर्वजीत अपनी मां के साथ बकाना में ही रहती है। गत दिवस वह अपने किसी परिचित की गाड़ी में डेरा मांडी गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने आई थी। वह उसे उसकी ननद सतविंद्र कौर और भांजी सर्वजीत कौर अचानक मिल गए।
दोनों ने बताया कि वे भी यहां माथा टेकने आए हैं। यहां से उनकी सलाह अरुणाय मंदिर में भी माथा टेकने की बन गई। करीब सवा दो बजे वे गुरुद्वारा से अरुणाय मंदिर के लिए निकल पड़े। उसकी ननद सतविंद्र कौर और भांजी सर्वजीत स्कूटी पर उनकी कार के आगे आगे चल रही थी। गांव टिकरी के निकटचंडीगढ़ नंबर की एक कार के चालक ने स्कूटी के पीछे टक्कर मार दी। इससे स्कूटी कार के साथ घिसटते हुए दूर तक चली गई। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया।
उन्होंने दोनों को संभाला तो सतविंद्र कौर बेहोश हो चुकी थी। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी पिहोवा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सतविंद्र कौर का मृत घोषित कर दिया और उसकी बेटी सर्वजीत को एलएनजेपी अस्पताल भेजा। वहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।