लाडवा। शहर के वार्ड 9 में सोमवार को मां बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे सत्संग से लौट रहे थे। मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय कृष्ण धीमान व करीब 65 वर्षीय किरण बाला के रूप में हुई है। हादसे में कृष्ण की मौके पर ही मौत हुई और किरण बाला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। हादसा गांव मोहड़ा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बताया जा रहा है।
कृष्ण के मामा कर्मचंद के मुताबिक वे भी उनके पीछे अपनी एक्टिवा पर थे। शाहपुर डांगरी पुल से आगे कर्मचंद बाथरूम जाने के लिए रुक गए जबकि वे दोनों आगे चले गए और कुछ देर बाद वे मोहड़ा के पास पहुंचे तो वहां भीड़ जुटी थी। उसने देखा तो वहां उसकी बहन व भांजे हादसा हो चुका था। राहगीरों ने उनको बताया कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक्टिवा को टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया।
25 साल पहले पिता और दो बेटियों को हो चुकी मौत
करीब 25 साल पहले हुए हादसे में पिता और दो बेटियों की मौत हो गई थी। अब हुए हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिवार में अब बेटी आरती बची है। वह बार-बार बेसुध होती रही। आसपास के लोगों के मुताबिक कृष्ण धीमान सराफा बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाकर परिवार का गुजर बसर कर रहा था। वह अपनी मां के साथ गत दिवस मोहाली के खरड़ में रहने वाले किरण बाला के भाई कर्मचंद के घर गए थे। बताया जा रहा है कि वे यहां सत्संग में आए थे और रात को कर्मचंद के घर पर रुके थे, ताकि उनसे मिलना हो सके। आज सोमवार सुबह दोनों एक्टिवा पर लाडवा के लिए निकले। कृष्ण एक्टिवा चला रहा था।