संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पवित्र ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में शनिवार को होने वाले राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम में एक लाख से अधिक योग साधक हिस्सा लेंगे, जो विश्व को योग का संदेश देंगे।
इस भव्य आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस के साथ-साथ चार अन्य जिलों और हरियाणा पुलिस अकादमी (एचपीए) के लगभग दो हजार जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं। योग साधकों को कार्यक्रम स्थल तक सुगमता से पहुंचाने के लिए शहर की सीमाओं पर 73 नाके स्थापित किए गए हैं, जहां तैनात जवान साधकों का मार्गदर्शन करेंगे।
ब्रह्मसरोवर तट के आसपास भीड़ नियंत्रण के लिए 17 अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं, जहां से किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा : पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने शुक्रवार को ब्रह्मसरोवर, मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थल, अनाज मंडी, थीम पार्क और इन स्थानों को जोड़ने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों को ड्यूटी सौंपते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्यक्रम स्थल के प्रत्येक हिस्से में पुलिस के जवान तैनात रहेंगे, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।
इसके साथ पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे योग दिवस कार्यक्रम में पैदल ही शामिल हों और ब्रह्मसरोवर की ओर वाहन न लाएं। उन्होंने वाहनों को सड़कों पर पार्क न करने और प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी।