कुरुक्षेत्र। शहर के बीचों बीच से गुजरती पुरानी रेलवे लाइन, जिसे हटाया जाना है। संवाद
कुरुक्षेत्र। 447 करोड़ रुपये की लागत से बने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के शुरू होने के बाद अब शहर की तस्वीर बदलने की दिशा में एक और बड़ी पहल होने जा रही है। पुराना बस अड्डा से ज्योतिसर तक रेलवे की पुरानी लाइन हटने के बाद खाली होने वाली करीब 75 एकड़ जमीन नगर परिषद को सौंपे जाने की तैयारी है। इस जमीन पर आधुनिक पार्क, पार्किंग, ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और अन्य जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना सिरे चढ़ी तो इससे न केवल शहर की सुंदरता को चार चांद लगेंगे बल्कि पार्किंग जैसी गंभीर समस्या भी दूर होगी।
प्रदेश के स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल गत चार अगस्त को नगर परिषद, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड व प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर विस्तार से मंथन कर चुके हैं तो वहीं इस जमीन को रेलवे से नगर परिषद को ट्रांसफर या लीज पर लिए जाने के लिए प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे चुके हैं। इसके बाद नगर परिषद के अधिकारियों ने परियोजना की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है, इसके लिए रेलवे अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क किया जा रहा है ताकि जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विकास कार्यों को जल्द शुरू किया जा सके।
प्रधानमंत्री मोदी ने 17 को किया था एलिवेटेड ट्रैक का लोकार्पण
गत 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 447 करोड़ रुपये की लागत से बने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया था। इस परियोजना के पूरा होने से वर्षों से रेलवे लाइन के कारण दो हिस्सों में बंटा शहर अब एक हो चुका है, साथ ही शहरवासियों को पांच रेलवे फाटकों से भी स्थायी रूप से राहत मिल चुकी है। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के शुरू होने के बाद पुराने ट्रैक को हटाने की भी प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। अभी तक पूरे ट्रैक से बिजली तार हटाई भी जा चुकी है। अब पटरी हटाने का काम शुरू होगा।
शहर की सुंदरता को लगेंगे चार चांद : राजेश कुमार
नगर परिषद के ईओ राजेश कुमार का कहना है कि सरकार चाहती है कि पुरानी रेलवे लाइन की जमीन का बेहतर उपयोग हो। नगर परिषद को ट्रांसफर होने के बाद इस जमीन पर आधुनिक पार्क, पार्किंग और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित होने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि लोगों को मनोरंजन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी एक ही स्थान पर मिल सकेंगी, इससे शहर की सुंदरता को भी चार चांद लगेंगे। स्थानीय निकाय मंत्री की स्वीकृति व आदेश के बाद जमीन ट्रांसफर या लीज के लिए रेलवे के साथ समन्वय किया जा रहा है।
कुरुक्षेत्र। शहर के बीचों बीच से गुजरती पुरानी रेलवे लाइन, जिसे हटाया जाना है। संवाद