तीन युवकों ने ट्रक में सो रहे क्लीनर पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया और उससे मोबाइल और पर्स छीनकर फरार हो गए। आरोपी ट्रक की बाईं ओर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे। घायल क्लीनर ने मामले की सूचना ट्रक मालिक को दी। उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जिला दरभंगा (बिहार) के वदर पगारी निवासी प्रकाश मुखिया ने थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिहोवा के नंद कॉलोनी नंबर-1 के निवासी गुरनाम सिंह के ट्रक पर बतौर क्लीनर काम करता है। सोमवार-मंगलवार की रात वह ट्रक में सो रहा था। करीब साढ़े 12 बजे तीन युवक आए और ट्रक की बाईं खिड़की का शीशा तोड़कर खिड़की खोलकर अंदर घुस गए। युवकों ने उस पर लोहे की रॉड और पत्ती से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे धमकी देकर उसका मोबाइल पर और पर्स छीन ले गए। उसके पर्स में 1300 रुपये थे। सुबह जब ट्रक मालिक उसके पास पहुंचा तो उसने उसे अस्पताल में दाखिल कराया। शिकायतकर्ता के अनुसार हमले में उसके दोनों घुटने, गले और हाथ पर चोट लगी हुई। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।