वीरवार को 22 वर्षीय युवती अंजलि की नेशनल हाईवे 44 से कूदने पर हुई मौत का रहस्य अभी भी बरकरार है। अंजलि के परिजन शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अंजलि की मौत के मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। जबकि चार दिन पहले ही अंजलि अपने घर कालांवाली (सिरसा) गई थी।
परिजनों ने केवल इतना ही बताया कि अंजलि चंडीगढ़ में नौकरी करने की बात कहकर घर से वापस आई थी। वीरवार को उनको उसकी मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। मालूम हो कि वीरवार को शाहाबाद में सिरसा के वार्ड नंबर पांच की मंडी कालांवाली निवासी अंजलि रानी मोबाइल पर अपनी वीडियो बनाते हुए नेशनल हाइवे 44 के ओवरब्रिज से कूद गई थी। युवती के मोबाइल व बैग से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि युवती रेलवे स्टेशन चौक के सामने जीटी रोड पर ओवरब्रिज पर खड़ी थी। वह मोबाइल निकालकर अपना वीडियो बना रही थी। फिर वीडियो कॉल कर रही थी इस दौरान वह अचानक वह नीचे कूद गई, इससे उसकी मौके पर मौत हो गई थी।