कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय की ओर से कुल 123 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। इच्छुक विद्यार्थी छह अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स की कोऑर्डिनेटर प्रो. शुभा कौशल ने बताया कि कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में एडमिशन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। डी-फार्मेसी (आयुर्वेद) 63 सीट, डिप्लोमा इन पंचकर्म टेक्नीशियन कम थेरेपिस्ट कोर्स (डीपीटीटीसी) 20 सीट, पंचकर्म असिस्टेंट ट्रेनिंग सर्टिफिकेट कोर्स (पीएटीसीसी) 20 सीट, सर्टिफिकेट कोर्स इन योगा साइंस (सीसीवाईएस) 20 सीट पर इच्छुक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
18 को जारी होगी पहली कटऑफ सूची
पहली कटऑफ सूची 18 अक्तूबर को जारी होगी। चयनित विद्यार्थियों को 24 अक्टूबर तक फीस जमा कर एडमिशन लेना होगा। यदि सीटें खाली रहती हैं तो 25 अक्टूबर को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी और 27 अक्टूबर को प्रवेश की अंतिम प्रक्रिया पूरी होगी। डॉ. शुभा ने बताया कि सभी कोर्स की पात्रता, फीस संरचना और विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।