कुरुक्षेत्र। केयू में चल रहे चार दिवसीय रत्नावली महोत्सव के दौरान रविवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी हरियाणवी मीडिया चौपाल में शामिल हुए। विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की ओर से लगाई गई इस चौपाल में हरियाणवी बोली, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को लेकर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि हरियाणवी संस्कृति को जनजीवन में अपनाने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है।
कृष्ण बेदी ने कहा कि हरियाणवी बोली में जोश, उत्साह और अपनापन है। प्रदेश के लोक कलाकारों ने अपनी गायकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा को देश-दुनिया में पहचान दिलाई है। रत्नावली जैसे आयोजन हरियाणवी बोली और लोक कलाकारों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करना चाहिए और इसे आगे बढ़ाने के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने पारंपरिक हरियाणवी वेशभूषा और खानपान को भी अपनाने पर जोर दिया। कहा कि बाजरा, मोठ और रागी जैसे मोटे अनाज हरियाणा की कृषि परंपरा का हिस्सा हैं। युवाओं को अपने खानपान में पारंपरिक खाद्य पदार्थों को भी जगह देनी चाहिए।
मीडिया चौपाल बनी आकर्षण का केंद्र, विभागाध्यक्ष ने संस्कृति से कराया रूबरू
केयू में आयोजित रत्नावली महोत्सव में हिंदी विभाग की ओर से लगाई गई हरियाणवी मीडिया चौपाल विद्यार्थियों और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। चौपाल में हरियाणवी बोली, लोककला, वेशभूषा और परंपराओं की झलक देखने को मिली। विभागाध्यक्ष प्रो. महासिंह पूनिया ने युवाओं को हरियाणा की संस्कृति और वाद्य यंत्रों से रूबरू कराया। उन्होंने हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लोक कलाकारों, साहित्यकारों और मीडिया से जुड़े लोगों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा और संस्कृति को सहेजना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी जड़ों से जुड़ी रहें।
सेल्फी प्वाइंट पर युवाओं में उत्साह
केयू में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है। पारंपरिक ग्रामीण परिवेश और हरियाणवी संस्कृति से जुड़े सजावटी सामान के बीच विद्यार्थी फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं, इसके साथ ही चौपाल परिसर में करीब 40 स्टाल सजाए जा रहे हैं। इनमें हरियाणवी लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, हस्तशिल्प, खानपान और ग्रामीण जीवन से जुड़ी चीजों को प्रदर्शित किया जा रहा है।