कुरुक्षेत्र। राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी विभाग की बाबू बालमुकुंद गुप्त परिषद की ओर से मंगलवार को हिंदी कहानी पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महान साहित्यकारों की कहानियों का प्रभावी वाचन प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में एमए हिंदी की छात्रा मिली ने प्रेमचंद की मंत्र कहानी का पाठ किया। बीए फाइनल ईयर की छात्रा नेहा रानी ने प्रेमचंद की ईदगाह, बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा निकिता ने मैत्रेयी पुष्पा की फैसला, बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा आंचल ने ओमप्रकाश वाल्मीकि की पच्चीस चौके डेढ़ सौ, तथा महक ने मोहन राकेश की मलबे का मालिक कहानी का पाठ किया।
प्रतियोगिता में मिली ने प्रथम स्थान, नेहा रानी ने द्वितीय स्थान और सलोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ गगनदीप कौर ने सभी विजेता प्रतिभागियों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार ने की तथा संयोजन डॉ. सुनील थुआ द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. सतीश गर्ग, डॉ. राजीव कुमार और डॉ. राजवीर ने अपनी भूमिका निभाई।