कुरुक्षेत्र। हड़ताल के लिए रणनीति बनाते मेस कर्मचारी। संवाद
कुरुक्षेत्र। 12 फरवरी को मेस कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे। इसके लिए बुधवार को सर्व कर्मचारी संघ राज्य के उपप्रधान कश्मीर सिंह के नेतृत्व में एक जत्था कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के होस्टल मेस कर्मचारियों के बीच पहुंचा। मेस कर्मचारियों ने जत्थे का स्वागत किया और आगामी हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
राज्य उपप्रधान कश्मीर सिंह ने कहा कि 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल केंद्र व राज्य सरकार की जनता-विरोधी और कर्मचारी-विरोधी नीतियों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट की ओर से लगातार कर्मचारियों के पक्ष में फैसले आ रहे हैं जिनमें 31 दिसंबर 2025 तक लगातार 10 वर्ष कार्य कर चुके कर्मचारियों को पक्का करने और सभी कर्मचारियों पर समान काम समान वेतन लागू करने की मांग प्रमुख है।
होस्टल मेस वर्कर यूनियन के प्रधान सुभाष पारचा ने कहा कि मेस वर्कर यूनियन 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेगी और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगी। इस मौके पर कर्मचारी संघ राज्य कमेटी के सदस्य विशाल कुमार, ब्लॉक थानेसर के प्रधान चरण सिंह (सलाहकार, जन स्वास्थ्य विभाग) और एसएफआई के प्रदेश अध्यक्ष अक्षय कुमार ने भी राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन किया। इस मौके पर केयू मेस कर्मचारी संघ के महासचिव कृष्ण चंद सैनी, सहसचिव उमाशंकर, मुख्य सलाहकार रजनीश मिश्रा, राजेंद्र राणा, अशरफी लाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।