भारत-पाक बंटवारे के दौरान शहीद होने वाले लगभग 10 लाख लोगों की स्मृति में एक विश्व स्तरीय भव्य स्मारक का निर्माण कुरुक्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित मसाना गांव में किया जाएगा। इतना ही नहीं विभाजन विभीषिका दिवस 14 अगस्त पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में अनाज मंडी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विभाजन विभीषिका दिवस को ऐतिहासिक बनाने के लिए ही पंचनद स्मारक ट्रस्ट के हजारों लोग एक मंच पर एकत्रित हुए हैं।
इसी कड़ी में रविवार को पिपली-कुरुक्षेत्र रोड पर स्थित एक निजी पैलेस में कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पंचनद स्मारक ट्रस्ट के प्रदेशाध्यक्ष एवं थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वर्ष पहले लाल किले से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाने का एलान किया था।विभाजन विभीषिका दिवस पर बंटवारे के समय लगभग 10 लाख लोगों की शहादत को याद किया जाएगा।
विभाजन विभीषिका दिवस को मनाने और भिव्य स्मारक बनाने के लिए पंचनद स्मारक ट्रस्ट संस्था का गठन किया गया। इस संस्था की बागडोर महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज ने संभाली है। उनके नेतृत्व में ही पंचनद स्मारक ट्रस्ट दिन-रात कार्य कर रहा है और गांव मसाना कुरुक्षेत्र में स्मारक बनाने के लिए 25 एकड़ जमीन खरीदी गई। अब इस जगह पर भव्य स्मारक बनेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में 14 अगस्त को कुरुक्षेत्र अनाज मंडी में विभाजन विभीषिका दिवस का आयोजन किया जाएगा।
महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज ने कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस पर शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है और सभी लोगों के जेहन में जोश और उमंग देखा जा सकता है।
बैठक में विधायक सीमा त्रिखा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, विधायक विनोद भ्याना, हैफेड के चेयरमैन कैलाश भगत, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, डॉ. स्वामी दिव्यानंद भिक्षु महाराज, स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सचिव जगदीश भाटिया, पंचनद स्मारक ट्रस्ट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष खन्ना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव घई, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरजीत सिंह चावला, राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र गुलाटी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हरविंद्र कोहली, राष्ट्रीय सचिव देशराज मनचंदा व राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम बजाज आदि मौजूद रहे।