कुरुक्षेत्र। ज्ञापन सौंपते कर्मचारी। विज्ञप्ति
पिहोवा। ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को 33 केवी पिहोवा सब-डिवीजन में बिजली निगम के कर्मचारियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में उपमंडल अधिकारी प्रिंस भूरा को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन बिजली मंत्री के नाम सौंपा गया।
यूनिट सचिव गुरचरण संधु ने कहा कि बिजली विभाग का कार्य अत्यंत जोखिम भरा होता है। ऐसे में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू होने से विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को बिना स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी के काम करना पड़ेगा जिससे हादसों की आशंका और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में अनुभव और क्षेत्रीय जानकारी बेहद जरूरी है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। गुरचरण संधु ने बताया कि यूनियन की ओर से 26 नवंबर को पंचकुला में एसीएस पावर को इस पॉलिसी के खिलाफ ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इसके अलावा इससे पहले भी विभाग के उच्चाधिकारियों को ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया गया था। बावजूद इसके विभाग इस पॉलिसी को लागू करने पर अड़ा हुआ है जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है।
यूनिट सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई, तो यूनियन को मजबूरन कड़ा आंदोलन करना पड़ेगा जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान मुकेश गोस्वामी और संचालन सब यूनिट सचिव सुरेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रदीप सहारण, विजय, फकीर चंद, राहुल, रमन, दिनेश कुमार मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र। ज्ञापन सौंपते कर्मचारी। विज्ञप्ति