विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मंगलवार को राजस्थान के जालोर में शिक्षक द्वारा एक दलित छात्र की हत्या किए जाने के विरोध में नगराधीश चंद्रकांत कटारिया को ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त के नाम सौंपे गए इस ज्ञापन में संगठनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग रखी। वहीं पीड़ित परिवार को 50 लाख रूपये की आर्थिक सहायता के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की गुहार भी लगाई।
अगर सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो संगठनों के लोगों ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इससे पहले इन संगठनों के कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
श्री गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा के प्रधान सूरजभान नरवाल की अगुवाई में बेगम टाइगर फोर्स, जन संघर्ष मंच, भीम आर्मी, बेगमपुरा मानव सेवा ट्रस्ट, बहुजन समाज पार्टी, समता दल सहित अनेक संगठनों के पदाधिकारी लघु सचिवालय पर एकत्रित हुए। यहां राजस्थान के जालोर में आठवीं कक्षा के एक छात्र इंद्र को स्कूल शिक्षक द्वारा पीटे जाने और उपचार के दौरान छात्र की मौत होने की घटना को लेकर रोष प्रकट किया।
सुरजभान नरवाल ने कहा कि आज देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है, जबकि आज भी ऐसा लगता है कि देश गुलाम हो। पूरे भारत के लिए जालोर की घटना शर्मनाक बात है। ऐसी घटनाओं पर सरकार तुरंत रोक लगाए, ताकि भविष्य में पुनरावृति न हो। इस मौके पर रामस्वरूप डांडा, ओमप्रकाश तंवर, रामनिवास, सुदेश, उषा रानी, संतोष बाला सहित अन्य मौजूद रहे।