पुलिस ने युवक को हथियार सप्लाई करने के मामले में लारेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य दीपक उर्फ टीनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवक सन्नी मट्टू वासी शिमला पुरी कॉलोनी (लुधियाना) हाल वासी डेहा कॉलोनी अंबाला सिटी को हथियार सप्लाई किए थे। पुलिस ने 27 अप्रैल को दीपक उर्फ टीनू वासी तेली वाडा मोहल्ला जैन चौक भिवानी को जेल भेज दिया है।
डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 09 अप्रैल को सीआईए-2 की टीम ने पिपली बस स्टैंड के पास से सन्नी को एक देसी कट्टा 315 बोर, देसी पिस्टल सहित तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार करके पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि जब वह पटियाला जेल में बंद था तब उसकी मुलाकात दीपक उर्फ टिनू से हुई थी। दीपक उर्फ टीनू ने उसे गैंग का सदस्य बनाकर ये हथियार दिए थे। पुलिस टीम ने मंगलवार को दीपक को अमृतसर जेल से एक दिन के प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है। उसके खिलाफ 29-30 मामले जिनमें मर्डर, डकैती, लूट व हत्या के प्रयास के मामले पंजाब, हरियाणा व राजस्थान में दर्ज हैं। उसके पास पटियाला जेल में एक मोबाइल था, जिससे वह व्हाट्सएप कॉल करता था। बाद में उसे फिरोजपुर जेल भेज दिया था, जहां पर उसने इस मोबाइल को तोड़ दिया था। आरोपी ने कबूला कि उसी ने सन्नी को हथियार दिए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।