26 से 28 मार्च तक लगने वाले विश्व प्रसिद्ध चैत्र चौदस मेले को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान टीम के सदस्य उस समय भड़क उठे जब उन्हें जायजा लेने के दौरान प्रशासन द्वारा बनाए गए ई-टॉयलेट के बंद मिले।
उन्होंने अधिकारियों को लताड़ लगाई और कहा कि तीर्थ के आसपास कई सुलभ शौचालय होने के बावजूद ई-टॉयलेट को यहां लगाना बेकार है। इससे इसका प्रयोग नहीं होने पर लाखों रुपये बर्बाद किए जा रहे है। इसलिए जल्द से जल्द ई-टॉयलेट को ठीक करवाकर मेले के बाद कहीं अन्य सार्वजनिक स्थान पर लगाया जाए। ताकि इनका सही इस्तेमाल हो सकें। टीम ने अधिकारियों को अन्य आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान टीम ने सरस्वती तीर्थ के आस-पास स्थित सुलभ शौचालयों की भी जांच की। स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद ने बताया कि चैत्र चौदस मेले को लेकर सरस्वती तीर्थ व आस-पास के क्षेत्र का जायजा लेकर सफाई व्यवस्था की जांच की गई। ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं उठानी पडे़।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के लिए लोगों का सहयोग बहुत जरूरी है। बिना सहयोग के यह मिशन कामयाब नहीं हो सकता। इसके लिए लोगों को प्रयास करना होगा और इस मिशन में सरकार और प्रशासन को लगाया जाए। इस दौरान टीम ने सुलभ शौचालयों का निरीक्षण भी किया। जिसमें कई खामियां मिलने पर उन्हें मेले से पहले दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर नपा सचिव सुशील कुमार, नपा प्रधान अशोक सिंगला, जेई हर्ष, पब्लिक हैल्थ एसडीओ श्याम लाल, संजय लोहट, पार्षद मनमोहन चक्रपाणी, राकेश पुरोहित सहित कई लोग उपस्थित रहे।
टंकियों की होगी सफाई
मेले में पीने के पानी की व्यवस्था को लेकर लेकर सरस्वती तीर्थ पर स्थित पानी की टंकियों को भी दुरुस्त किया जाएगा और उनकी सफाई की जाएगी। ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को साफ और स्वच्छ पानी मिल सकें। पिछले काफी समय से तीर्थ के पास स्थित पानी की टंकियों में सफेद हाथी साबित हो रही थी। काफी सालों से ना तो इनकी सफाई हुई थी और ना ही इनमें पानी था। इसको लेकर भी टीम ने अधिकारियों को निर्देश दिए।
तीर्थ के पास रखे जाएंगे कूड़ेदान : अशोक सिंगला
नपा प्रधान अशोक सिंगला ने बताया कि सफाई व्यवस्था को लेकर नपा की ओर से व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। तीर्थ के आसपास कूड़ेदान रखे जाएंगे। ताकि मेले में गंदगी ना पसरे। वहीं कूड़ेदान रखने के साथ-साथ ना की ओर सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जो कि सफाई व्यवस्था का ध्यान रखेंगे और गंदगी को साथ के साथ वहां से उठाने का काम करेंगे।