थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं में लापरवाही बरतने और बिना वजह समय पर कार्य पूरा न करने वाले अधिकारियों को सरकार की तरफ से सस्पेंड किया जा सकता है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वयं कुरुक्षेत्र के विकास कार्यों और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट भी शहर में आकर लेंगे। वे सोमवार को पंचायत भवन के सभागार में मुख्यमंत्री की घोषणाओं व शहर में चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले विधायक सुभाष सुधा ने पशुपालन विभाग से पशु चिकित्सा पशुधन विकास डिप्लोमा कालेज, सरकारी कालेज खोलने के बजाय निजी पंजीकृत समितियों व संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित करने, गांव भिवानी खेड़ा में 10 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित कालेज खोलने, गांव पलवल में जिला पशु चिकित्सालय अस्पताल व अन्य विकास कार्यों की रिपोर्ट के बारे में फीडबैक ली। इसके अलावा पंचायत विभाग से डेरा बाजीगर में सड़क नवनिर्माण, शिक्षा विभाग से स्कूलों को अपग्रेड करने, पर्यटन विभाग से ज्योतिनगर में 4 करोड़ की लागत से बनने वाले सूरजकुंड तीर्थ, श्री कृष्णा सर्किट, सिंचाई विभाग से ब्रह्मसरोवर तक निरंतर जल प्रवाह व बिजली विभाग से शहर व गांवों में चल रहे कार्यों की रिपोर्ट हासिल की।
सुधा ने जन स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग व अन्य कई विभागों के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती तो सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबधित विकास कार्यों की रिपोर्ट 1 दिन के अंदर एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक को सौंपना सुनिश्चित करें। 5 जून को पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा। इस पर्यावरण दिवस पर सभी अधिकारी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के विशेष अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। मौके पर एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से ली फीडबैक
थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से राजकीय महिला कालेज गांव पलवल, एलएनजेपी अस्पताल के 100 बेड की नई बिल्डिंग, राजकीय नर्सिंग कालेज, नए लघु सचिवालय प्रशासनिक ब्लाक, पुराने बस स्टैंड के पास बनने वाले आरओबी, पिपली से थर्ड गेट तक सड़क नव निर्माण व सौंदर्यीकरण आदि की फीडबैक ली। विधायक ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि शहर की सारी सड़कें को सीवेज पाइप लाइन डालने के लिए खोद डाला है। जिससे शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भविष्य में जो भी सड़क खोदी जाएं पहले उतना ही कार्य पूरा किया जाए। उसके बाद आगे की खुदाई का कार्य शुरू किया जाए। इससे शहरवासियों को परेशानी नहीं होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणानुसार 17 स्वीकृत कालोनियों में सीवरेज व पीने के पानी की पाइप लाइन बिछाने की रिपोर्ट तलब की और गांव पिडांरसी, भिवानी खेडा, ब्राह्मना खेडा, डेरा प्रेम नगर किरमच व अन्य गांव में पीने के पानी की पाईप लाइन बिछाने एसटीपी नरकतारी सहित अन्य कार्यों की प्रगति रिपोर्ट को हासिल की है।