पिपली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मथाना में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुदेश कुमार सहोता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथाना की अध्यक्षता में मनाया गया। ग्राम पंचायत मथाना से सरपंच प्रतिनिधि रवि कुमार ने मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और उपस्थित बच्चों को पेट के कीड़ों की गोली खिलाई। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुदेश कुमार सहोता ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय-समय पर बीमारियों से बचाव के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। मंगलवार को केंद्र सरकार की तरफ से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के पेट की आंतों में पनपने वाले स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कीड़ों को खत्म करना है, क्योंकि ये कीड़े भोजन में उपस्थित पोषक तत्वों को शरीर में अवशोषित नहीं होने देते। इससे बच्चों में एनीमिया व रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है।