कुरुक्षेत्र। चार दिन पहले ककराला गुजरान गांव के जंगल से पेड़ काटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजीव, धर्मपाल निवासी सौंटा जिला अंबाला और रामदिया निवासी पुराना दीवाना के कब्जे से चोरी किए 10 पेड़, वारदात में प्रयोग पिकअप, बाइक और दो इलेक्ट्रिक कटर बरामद किए हैं।
थाना सदर पिहोवा में 30 अगस्त को दर्ज शिकायत में गांव के सरपंच रामनाथ सैनी ने बताया था कि 30 अगस्त रात करीब साढ़े 10 बजे उसे सूचना मिली कि गांव के जंगल से कोई पेड़ काटकर चोरी कर रहा है। वह गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचा तो मौके पर एक पिकअप, बाइक और दो इलेक्ट्रिक कटर बरामद हुए थे। उनको देखकर आरोपी फरार हो गए थे। जांच पड़ताल से पता चला कि गांव का ही काला राम उर्फ रामदिया आरोपियों को चोरी के लिए बुलाया करता था। शिकायत पर केस दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने राजीव, धर्मपाल व रामदिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा 10 पेड़ समेत अन्य सामान बरामद कर लिया। अदालत के आदेश से तीनों को कारागार भेज दिया गया। संवाद