कुरुक्षेत्र। गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर श्री जयराम विद्यापीठ में सोमवार को आयोजित होने वाले आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों की कन्याओं के 33वें सामूहिक विवाह समारोह में आशीर्वाद देने के लिए जहां संत महापुरुष भी शामिल होंगे । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी मुख्य अतिथि होंगी। इस मौके पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद महाराज एवं कथा वाचक संजीव कृष्ण ठाकुर भी आशीर्वाद देंगे।
श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह अलौकिक होगा। पिछले करीब चार दशक से भी अधिक समय से श्री जयराम विद्यापीठ में गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर हर वर्ष आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाता है। यह सामूहिक विवाह समारोह पिछले 33 सालों से दिल्ली के श्रीमती सारादेवी चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राम लाल गोयल, शिव लाल गोयल, विजय गोयल तथा उनके परिवार के सदस्यों द्वारा आयोजित किया जाता है। ब्रह्मचारी ने सामूहिक विवाह समारोह में नगरवासियों को नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए आमंत्रित किया।