इस्माईलाबाद। थडौली में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थिति में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति व सास पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव पलाखा निवासी सोमनाथ ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि उसने अपनी बड़ी बेटी रमनदीप कौर की शादी 2012 में गांव थडौली वासी हाकम सिंह उर्फ कालू के साथ की थी। शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। उसकी बेटी के पास एक बेटा जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू है।
शादी के दो साल बाद उसकी बेटी ने उनको बताया कि उसका पति शराब पीकर हर रोज झगड़ा करता रहता है। सास तेजो देवी भी उसका साथ देकर उससे झगड़ती है। इसको लेकर दोनों पक्षों में कई पंचायतें भी हुई। प्रत्येक पंचायत में उसका पति आगे से शराब पीकर झगड़ा न करने की बात कहकर उसे ले जाता था। करीब 20 दिन पहले भी उसकी बेटी ने हाकम सिंह के खिलाफ थाना में शराब पीकर लड़ाई झगड़ा करने की शिकायत की थी। इसको लेकर हुई पंचायत में शराब न पीने व झगड़ा न करने की बात कही। इसके बाद अब करीब चार दिन पहले उसकी बेटी ने फोन कर उन्हें बताया कि हाकम सिंह फिर से शराब पीकर उस पर बाहर गलत होने का इल्जाम लगा रहा है। उन्होंने जल्द पंचायत कर दोबारा समझाने का आश्वासन दिया। इससे पहले वे वहां जा पाते 20 अगस्त को उनके नाती जसप्रीत सिंह ने फोन कर बताया कि उसी मम्मी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वे गांव के अन्य मौजिज व्यक्ति लेकर गांव में पहुंचे तो देखा उसकी बेटी का शव बरामदे में पड़ा है और उसकी गर्दन पर रस्सी के निशान बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी बेटी ने अपनी सास व पति से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।