पूजा कॉलोनी निवासी सोनम पत्नी अमित की संदिग्ध हालात में जहर निगलने से मौत हो गई। वहीं मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर देकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
लक्ष्मण दास वासी चीका ने थाना शहर पिहोवा को दी शिकायत में बताया कि सोनम का विवाह अमित निवासी पूजा कॉलोनी से 3 मार्च 2019 को हुआ था। विवाह के बाद से उसका पति, सास, ससुर व ननद उसकी बेटी को दहेज के लिए तंग करते थे। उनका आरोप है कि दहेज के चलते ही ससुराल पक्ष ने जहर देकर उसकी बेटी की हत्या की है। पुलिस ने शिकायत पर ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि पुलिस को निजी अस्पताल से जहर निगलने से विवहिता की मौत की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। रविवार को महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था, जिसे इलाज के लिए पिहोवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां सोमवार देर शाम महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।