मंडियों में चल रहे सीजन के तहत 24 घंटे बिजली सप्लाई की व्यवस्था करने का निगम ने निर्णय लिया है। जिससे वीरवार को कार्यकारी अभियंता कार्यालय में लगे खुले दरबार में निगम के अधीक्षक अभियंता राजेश तेवतिया ने अवगत करवाया। उन्होंने इसके अलावा गांवों में बिजली सप्लाई अब सायं 6 बजे से सुबह 7 बजे तक देने की मांग पर भी मुहर लगाई गई जबकि पहले इसका समय सायं 7 से सुबह 5 बजे तक था। यह दोनों मांगे खुले दरबार में पहुंचे भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने अधीक्षक अभियंता के समक्ष रखी थी। इसके अलावा भी भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने निगरानी कमेटी में पहुंची बिजली संबंधी समस्याओं को खुले दरबार में रखा और उनके जल्द समाधान के लिए अधीक्षक अभियंता से कहा। तेवतिया ने कहा कि डेरा ढानी में लग रहे पायलट ट्रांसफार्मर को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
अधीक्षक अभियंता ने बताया कि इस कालोनी के लोग करीब 15 सालों से यहां बसे हैं और पिछले माह लगे खुले दरबार में कनेक्शन दिए थे। इसके अलावा मुख्य रूप से इस खुले दरबार में 12 शिकायतें पहुंची जिनमें से 8 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया व बाकि समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया गया। अधीक्षक अभियंता ने जानकारी दी कि घरों व दुकानों से मीटर बाहर करने का कार्य जोरों से चल रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी सिफारिश पर मीटरों को बाहर करने से नहीं रोका जा सकता।
घरों व दुकानों पर लोड से अधिक बिजली की खपत करने वालों पर बिजली विभाग शिकंजा कसने जा रहा है। अधीक्षक अभियंता के अनुसार घरों व व्यापारिक स्थलों पर लोड से अधिक बिजली का प्रयोग कर रहे हैं वह तुरंत सिक्योरिटी जमा करवाकर अपना लोड बढ़वा सकते हैं। चेकिंग में कमी पाय जाने पर जुर्माना किया जाएगा। अधीक्षक अभियंता ने बताया कि जगमग गांव योजना के तहत जो मीटर जा रहे हैं उनको पैक नहीं किया जाएगा और सीधे बदल दिया जाएगा। लेकिन शहर में अगर मीटर में दिक्कत मिली तो उसे अवश्य चेकिंग के लिए भेजा जाएगा।