कुरुक्षेत्र। देवउठनी एकादशी के बाद शादी-ब्याह का सीजन शुरू होते ही धर्मनगरी के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दिसंबर में होने वाली शादियों को लेकर परिवारों ने खरीदारी शुरू कर दी है। कपड़ों, गहनों, बर्तनों, सौंदर्य प्रसाधनों और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। इस बार चांदी की पायल, अंगूठियों और हार की मांग अधिक है। वहीं, दुल्हन के चूड़े, हार सेट और हेयर एक्सेसरीज भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। हल्दी, मेहंदी और सगाई के लिए सजावटी थालियों की जगह रेडीमेड थालियां खरीदने का चलन बढ़ा है।
बर्तनों की दुकानों पर डिनर सेट, क्रॉकरी सेट और स्टील के छोटे ड्रम की मांग है। इसके अलावा शादी में उपहार देने के लिए फ्रिज, वॉशिंग मशीन और गीजर खरीदे जा रहे हैं। जनवरी में विवाह के मुहूर्त नहीं होने के कारण फरवरी और मार्च में फिर शादियों का दौर शुरू होगा।
चांदी की पायल, अंगूठियों और हार की मांग बढ़ी
ओम पुष्प ज्वेलर्स के संचालक सुमित मल्होत्रा ने बताया कि शादी के सीजन को देखते हुए बाजार में चांदी के आभूषणों की मांग बढ़ी है। इस बार ग्राहक चांदी की पायल, अंगूठियों और हार अधिक पसंद कर रहे हैं।
दुल्हन के चूड़े और हेयर एक्सेसरीज की खूब खरीदारी
फुहारा चौक स्थित वंशिका कॉस्मेटिक्स की संचालक ने बताया कि शादी के सीजन में दुल्हन के चूड़े, हार सेट और हेयर एक्सेसरीज की खूब खरीदारी हो रही है। व्यस्तता के चलते लोग हल्दी, मेहंदी और सगाई के लिए सजावटी थालियां खुद तैयार करने के बजाय बाजार से रेडीमेड थालियां खरीद रहे हैं।
डिनर और क्रॉकरी सेट की मांग बढ़ी
लक्ष्मण चौक के पास जय दुर्गा मेटल के संचालक अभिषेक ने बताया कि शादियों के चलते डिनर सेट, क्रॉकरी सेट और स्टील के छोटे ड्रम की मांग बढ़ी है। लोग शादी की खरीदारी में इन सामानों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
शादी में उपहार देने के लिए खरीद रहे इलेक्ट्रॉनिक सामान
गर्ग सेल्स कॉर्प के संचालक मिथुन ने बताया कि शादियों में उपहार देने के लिए लोग फ्रिज, वॉशिंग मशीन और गीजर खरीद रहे हैं। ग्राहक इलेक्ट्रॉनिक सामान में एलजी कंपनी के उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
कुरुक्षेत्र। मुख्य बाजार में कॉस्मेटिक्स की दुकान पर खरीदारी करती महिलाएं। संवाद