पिहोवा। राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर ट्रक की टक्कर लगने कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग जख्मी हो गए। मृतक की शिनाख्त प्रदीप कुमार निवासी सेक्टर-17 पंचकूला के रूप में हुई। थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में मनोज कुमार निवासी पंचकूला ने बताया कि वह अपने मामा कोल किशन उर्फ पप्पू, राजेश कुमार उर्फ काला व प्रदीप कुमार कार में सवार होकर पंचकूला से निजी काम के लिए तेली खेड़ा गांव जिला जींद जा रहे थे।
रात करीब सवा 11 बजे कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर 152-डी हाईवे पर पहुंचे तो इस्माईलाबाद की तरफ से आए ट्रक ने उनकी कार के पीछे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रदीप कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार चला रहा उसका मामा कोल किशन, राजेश कुमार और वह बुरी तरह से जख्मी हो गए। एंबुलेंस के जरिए उनको पिहोवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।