कुरुक्षेत्र। लोहार माजरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त रोशन लाल 49 निवासी लोहार माजरा के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार रोशन लाल गलती से कीटनाशक दवा पी गया था।
थाना केयूके पुलिस को दिए बयान में पवन कुमार निवासी लोहार माजरा ने बताया कि वह होटल में बतौर वेटर काम करता है। सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर आया था। उसके पिता रोशन लाल मानसिक तौर पर परेशान रहते थे, क्योंकि उनका दो-तीन बार एक्सीडेंट हो चुका था। निजी अस्पताल से उनका दिमागी उपचार चल रहा था। दोपहर करीब ढाई बजे उसके पिता ने दवा की जगह गलती से कीटनाशक दवा पी ली, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। वे तुरंत उन्हें कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल ले आए। यहां उपचार के दौरान उसके पिता की मौत हो गई। बयान पर पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।