अलग-अलग जगह से मोटरसाइकिल चुराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस आरोपी के कब्जे से पुलिस को चोरीशुदा छह मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी राजेंद्र कुमार वासी शुगर मिल कॉलोनी कैथल को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि छह अगस्त को बलविंद्र सिंह वासी पिहोवा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि चार अगस्त को उसकी मोटरसाइकिल गुरद्वारा बाउली साहिब के पास से चोरी हो गई थी। पांच अगस्त को संजय कुमार वासी असमानपुर पिहोवा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि चार मई उसकी मोटरसाइकिल अंबाला रोड पिहोवा के पास से चोरी हुई थी। वहीं एक अगस्त को सुरेश गुप्ता वासी मॉडल टाउन पिहोवा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि 31 जुलाई को उसकी मोटरसाइकिल शिवपुरी रोड के पास से तथा एक अगस्त को जसपाल सिंह वासी छोटा स्याणा ने थाना सदर पिहोवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था आठ अगस्त को उसकी मोटरसाइकिल गुरुद्वारा बाउली साहिब के पास से चोरी हो गई थी। इन शिकायतों पर अलग-अलग मामले दर्ज करके अपराध अन्वेषण शाखा-एक ने जांच करते हुए गुप्त सूचना पर आरोपी राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई। आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।