कुरुक्षेत्र/पिहोवा/इस्माईलाबाद। जिले की पंजाब से लगती सीमा पर पिहोवा व इस्माईलाबाद में मुख्य मार्ग सील कर दिए गए, जहां से आवाजाही पूरी तरह से बंद है। पिहोवा से पटियाला रोड व इस्माईलाबाद से पटियाला के देवीगढ़ रोड को बंद किया किया गया तो वहीं पुलिस कर्मी भी तैनात कर दिए गए। रविवार को नेशनल हाईवे 44 पर शाहाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को शाहा जिला अंबाला की ओर से डायवर्ट किया गया।
पुलिस ने नलवी-ठोल रोड को भी मारकंडा पुल पर सील कर दिया। नेशनल हाईवे को दोनों तरफ से बंद करने की तैयारी देर शाम तक की जाती रही। जिले में इंटरनेट सेवाएं भी पूरी तरह से ठप रहीं, जिसके चलते डिजिटल लेनदेन से लेकर लोगों को अन्य परेशानी भी झेलनी पड़ी। किसान नेताओं की हर गतिविधि पर पुलिस की नजर रही। पैरा मिलेट्री के जवानों की देर शाम तैनाती शुरू कर दी गई। दिनभर पुलिस हर हालात से निपटने के लिए रणनीति बनाती रही जबकि शनिवार से ही जिला में धारा 144 जारी रखी गई। डीसी शांतनु शर्मा व एसपी सुरेंद्र भौरिया ने सभी क्षेत्रों में की गई तैयारियों का जायजा लिया।
लगाया पक्का नाका, कंटीली तार भी लगाए
पिहोवा से पटियाला रोड पर गांव टयूकर के पास पुल पर पुलिस ने पक्का नाका लगाया हुआ है, जिसके आसपास ही सामान्य बैरिकेडिंग भी की गई, जिस पर कंटीले तार लगाए गए हैं। भारी पुलिस बल भी यहां तैनात किया गया।
इंटरनेट बंद रहने से लाखों का कारोबार थमा
इंटरनेट बंद होने से लाखों रुपये का कारोबार भी थम गया, जिसका असर बाजार में देखने को मिला। अधिकतर लोग डिजिटल लेनदेन ही करते हैं। यहां तक हर छोटी खरीदारी से लेकर हर रोज लाखों रुपये की खरीदारी डिजिटल रूप से की जाती है, लेकिन इंटरनेट सेवाएं ठप रहने के चलते यह नहीं हो पाई, जिसका खामियाजा दुकानदारों को भी भुगतना पड़ा।
रोडवेज डिपो को लगा हजारों का फटका
पंजाब की सीमाओं पर मुख्य मार्गों को सील किए जाने के चलते पंजाब में जाने वाली बस सेवा पूरी तरह से ठप रही। इससे जहां रोडवेज को हजारों का फटका लगा है तो वहीं रेलवे के जरिये पंजाब में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है। पंजाब में जाने के लिए लोग रेलगाड़ियों का सहारा लेते रहे। कुरुक्षेत्र से पटियाला के लिए आधा दर्जन बसें, लुधियाना के लिए तीन, अमृतसर के लिए एक और जालंधर के लिए एक बस हर रोज रवाना होती है। पंजाब की सीमा सील होने के चलते अब यह बसें पंजाब में नहीं जा पाएंगी।