कुरुक्षेत्र। विजेताओं को सम्मानित करने के दौरान आयोजक। स्वयं
कुरुक्षेत्र। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ब्लॉक थानेसर में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन डीपीओ बलजीत कौर के मार्गदर्शन में और परियोजना योजना अधिकारी कुसुम कांबोज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में थानेसर शहर की महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 300 मीटर, 400 मीटर और साइकिल रेस करवाई गई। वहीं 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए 100 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 2100 रुपये, द्वितीय स्थान पर आने वाली को 1100 रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाली प्रतिभागी को 750 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में डाली जाएगी। इसके साथ ही सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
400 मीटर दौड़ में मधु ने प्रथम, खुशबू ने द्वितीय और पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 300 मीटर दौड़ में मंजू यादव प्रथम, एकता द्वितीय और बतेरी तृतीय स्थान पर रहीं। 100 मीटर दौड़ में बाला देवी ने पहला, प्रेमा ने दूसरा और अंजू बाला ने तीसरा स्थान हासिल किया।
डिस्कस थ्रो स्पर्धा में संतोष जांगड़ा प्रथम, प्रोमिला द्वितीय और सीमा रानी तृतीय स्थान पर रहीं। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में दर्शना ने पहला, ज्योति ने दूसरा और उर्मिला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। साइकिल रेस में प्रतिभा प्रथम, राधिका द्वितीय और सान्या तृतीय स्थान पर रहीं। अधिकारियों ने महिलाओं को खेलों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।