धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम, श्रद्धा, भक्ति, विश्वास एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्री कृष्ण के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तजनों ने भजन-कीर्तन कर भगवान लड्डू गोपाल का जन्म दिन मनाते हुए जयकारे लगाए।
शहर के बिरला मंदिर, कौरव पांडव हवेली, इस्कॉन मंदिर, ज्योतिसर तीर्थ, श्रवणनाथ मंदिर, जयराम विद्यापीठ, राधाकृष्ण मंदिर, बड़ा हनुमान मंदिर, सरवेश्वर मंदिर सहित इलाके के दर्जनों मंदिरों में श्रद्धालुओं ने कान्हा को झूला झूलाया। इसी तरह मंदिरों के साथ लोगों ने अपने-अपने घरों में भगवान बाल श्रीकृष्ण जी का जन्मदिन मनाया।