कुरुक्षेत्र। जिलेभर के महाविद्यालयों में पीजी कोर्सों में दाखिला प्रक्रिया जारी है, जिसका अंतिम दिन 30 अगस्त है। महाविद्यालयों में उपलब्ध सीटें खाली रह जाने पर निदेशालय की ओर से दाखिला आवेदन तिथि को दो बार बढ़ाया भी गया है लेकिन दाखिले का आंकड़ा नहीं बढ़ सका। ऐसे कई कोर्स हैं, जिनमें एक भी विद्यार्थी का दाखिला नहीं हुआ है और अधिकतर कोर्सों में 40 से 50 प्रतिशत सीटें अभी भी खाली हैं। शहरी क्षेत्रों के महाविद्यालयों में भी कई कोर्सों की सीटें 40 से 45 प्रतिशत खाली हैं। ऐसे में साफ है कि विद्यार्थियों का पीजी कोर्सों की ओर रुझान कम है।
युवा स्नातक करने के पश्चात रोजगारपरक कोर्स की ओर अधिक रुझान रखते हैं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में लग जाते हैं। वहीं कुछ विद्यार्थी विदेश जाने की तैयारी करने लगते हैं। ऐसे में विद्यार्थी पीजी कोर्सेज की ओर रुझान कम रखते हैं तथा पीजी करने के लिए विश्वविद्यालय को ही प्राथमिकता देते हैं।
राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल में एमएससी मैथेमेटिक्स की 40, एमए हिस्ट्री की 60, एमकाम की 60 और एमए हिंदी की 60 सीटें हैं तथा दयानंद महिला महाविद्यालय में एमए अंग्रेजी की 40 और एमकाॅम की 60 सीटें हैं जबकि सेठ नवरंग राय लाेहिया जय राम कन्या महाविद्यालय में एमकाॅम की 30, एमए अंग्रेजी की 40 और एमए योगा की 30 सीटें हैं तथा डीएवी कॉलेज पिहोवा में एमए अंग्रेजी की 40, एमएससी मैथेमेटिक्स की 50 और एमकाॅम की 50 सीटें उपलब्ध हैं। भगवान परशुराम कॉलेज में एमएससी मैथेमेटिक्स की 60 और एमकाॅम की 60 सीटें हैं तो वहीं मारकंडा नेशनल कॉलेज शाहाबाद में एमए अंग्रेजी में 40 और पीजी डिप्लोमा इन योगा में 40 सीटें हैं तथा आर्य कन्या महाविद्यालय शाहाबाद में एमए फाइन आर्ट्स की 15, एमए इकोनॉमिक्स की 30, एमए हिंदी की 30, एमएससी कंप्यूटर साइंस की 30, एमकाम की 60, एमएससी मैथेमेटिक्स की 50 सीटों पर दाखिला होंगे।
दाखिले के लिए अंतिम माैका आज
भगवान परशुराम कॉलेज के दाखिला समन्वयक डॉ. नीरज वशिष्ठ ने बताया कि निदेशालय की ओर से ऐसे विद्यार्थियों के लिए आज अंतिम मौका है, जो किसी कारणवश दाखिला नहीं ले सकें हैं। विद्यार्थी पसंदीदा कोर्स एवं संस्थान में रिक्त सीटों के मुताबिक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ दाखिला पा सकते हैं। उनका कहना है कि कई विद्यार्थियों का स्नातक परिणाम न आने पर भी विद्यार्थी पीजी के लिए आवेदन नहीं कर पाते हैं।