बेटियों का मान सम्मान करना पाल समाज से सीखें, यह समाज हम सब के लिए आदर्श है। केवल इसी समाज में बेटियों का लिंगानुपात बराबर है, मतलब बेटे और बेटियों की संख्या समान है। इसलिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देने केे लिए इस समाज का अनुशरन करना चाहिए।
ये शब्द प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अहील्याबाई होल्कर की 291जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले, उन्होंने अहिल्या बाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। हजारों की संख्या में भीड़ व महिलाओं की खासी संख्या से गदगद सीएम ने समाज द्वारा रखी गई सभी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया।
सीएम ने समाज के लोगों का आह्वान किया कि वे शिक्षा की तरफ ध्यान दें, शिक्षा से ही समाज और देश तरक्की करता है। मुख्यमंत्री ने जयंती की बधाई देते हुए कहा कि इस अवसर पर पूरे हरियाणा का पाल समाज एक हुआ है। इस एकता को बरकरार रखते हुए आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने मातेश्वरी देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म सन 1725 में हुआ। वह इतिहास प्रसिद्ध सूबेदार मल्हारराव होल्कर के पुत्र खंडेराव की पत्नी थी। खंडेराव की मृत्यु के बाद सूबेदार मल्हाराव ने सतीप्रथा जैसी कुप्रथा को रोकते हुए होल्कर को न केवल सती होने से बचाया बल्कि उन्हें राज्य का शासक बना दिया। अहिल्या बाई ने अपने राज्य की सीमाओं के बाहर देशभर में प्रसिद्ध तीर्थो, मंदिरों व बावड़ियों का निर्माण किया और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए काम किया। भारतवर्ष के युग सुधारकों में अहिल्याबाई होल्कर का नाम सदैव अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरूआत हरियाणा से की गई और यह अति हर्ष का विषय है कि पाल समाज के अन्दर बेटे और बेटियों का अनुपात लगभग बराबर है।
गरीब की भलाई के लिए हो रहा काम
भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि मातेश्वरी देवी अहिल्याबाई होल्कर ने ईश्वरीय उत्तरदायित्व पूर्ण रूप से निभाया। उसी सोच का अनुसरण प्रदेश के मुख्यमंत्री करते हुए गरीब की भलाई के लिए कार्य कर रहे है। परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि गरीब व 36 बिरादरी के हित भारतीय जनता पार्टी में ही सुरक्षित है।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्ण देव कांबोज ने कहा कि केंद्र और हरियाणा में सरकार बनाने में पाल समाज का अहम योगदान रहा है। इस समाज ने अपनी मेहनत के दम पर समाज में अपने आपको स्थापित किया है। विषम परिस्थितियों में भी हाथ न फैलाते हुए स्वाभिमान के साथ देश और समाज की सेवा की। राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रदेशभर में सभी महापुरूषों की जयंती को राज्य स्तर पर मनाने का जो फैसला मुख्यमंत्री ने लिया है, उससे समाज के हर वर्ग का मान बढ़ा है। सीपीएस बख्शीश सिंह विर्क ने कहा कि पाल समाज ने इस बड़ी जनसभा के माध्यम से समाज में भाईचारे और एकता का जो संदेश दिया है, इससे सहज ही ये अनुमान लगाया जा सकता है कि अब यह समाज बीजेपी का अनुशासित सिपाही बन गया है।