कुरुक्षेत्र। ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों पर पिछले कई दिनों से भारी पड़ रही हैं। रविवार को भी चार ट्रेनों के रद्द व कईं ट्रेनों के देरी से चलने के कारण रेल यातायात बाधित रहा। दिल्ली मंडल के पलवल स्टेशन पर चल रहे इंटरलॉकिंग के काम के चलते रेल यातायात पिछले कई दिनों से प्रभावित हो रहा है। कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के रद्द होने व देरी से चलने के कारण यात्रियों को दिक्कतें झेलने पर मजबूर होना पड़ रहा है। हालांकि ट्रेनों के रद्द होने से जहां यात्रियों को परेशानी हो रही है तो वहीं रेलवे प्रशासन को भी लाखों का नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। रविवार को रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्री घंटों ट्रेनों के आने का इंतजार करते रहे। कोई ट्रेन के आने की सूचना पाने के लिए पूछताछ केंद्र से जानकारी जुटाता रहा तो कोई अपने मोबाइल से ट्रेनों के आने की सूचना देखता रहा।
घंटों देरी से चलती रही ट्रेनें : रामसिंह
यात्री रामसिंह ने बताया की सचखंड ट्रेन से दिल्ली के लिए सफर करने के लिए स्टेशन पर पहुंचे थे लेकिन ट्रेनें कई घंटों तक देरी से चलती रहीं। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हलांकि कई यात्रियों को दूसरे साधनों का सहारा भी लेना पड़ा।
रेलवे स्टेशन पर चल रहा मरम्मत का काम : शंकर लाल मीणा
स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि दिल्ली मंडल के पलवल रेलवे स्टेशन पर अभी मरम्मत का काम जारी है, जिससे चार ट्रेनें रद्द है और दूसरी ट्रेनों पर भी इसका असर देखा जा रहा है।