कुरुक्षेत्र। करण कॉलोनी कुरुक्षेत्र के निवासी आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन को मजबूर हैं। क्षेत्र के नागरिकों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मंगलवार को ईमेल के माध्यम से शिकायत सौंपकर पीने के पानी, सीवरेज और गली निर्माण जैसी अत्यावश्यक समस्याओं के समाधान की मांग की है।
स्थानीय निवासी मधु, अमित कुमार ,संदीप, उमेश कुमार, शांति कुमारी, भीम, रविंद्र, अनीता सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनकी कॉलोनी पूरी तरह से अप्रूव्ड है और अधिकांश घरों की रजिस्ट्री वैध रूप से टैक्स अदा कर की गई है, इसके बावजूद क्षेत्र में सरकारी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। गली में आज तक कोई जलापूर्ति की पाइपलाइन नहीं डाली गई है, जिससे लोग मजबूरन प्राइवेट टैंकर या बोरवेल पर निर्भर हैं। इससे आर्थिक बोझ तो बढ़ ही रहा है, साथ ही पानी की गुणवत्ता भी स्वास्थ्य के लिए खतरा बनी हुई है।
गली के आसपास उगी झाड़ियों में जहरीले सांप और कीड़े निकलते रहते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। निवासियों ने मांग की है कि क्षेत्र में शीघ्र पीने के पानी की पाइपलाइन बिछवाई जाए, सीवरेज सिस्टम बनाया जाए और पक्की सड़क का निर्माण इंटरलॉकिंग टाइल्स से किया जाए। करीब 100 परिवार इस बदहाल स्थिति से प्रभावित हैं। निवासियों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि वे तुरंत इस दिशा में उचित कदम उठाकर संबंधित विभागों को निर्देशित करें, ताकि कॉलोनी के लोगों को सुरक्षित जीवन मिल सके। उन्होंने बताया कि बारिश आने पर समस्या और गंभीर बन जाती है, जिससे जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। सड़कें अभी तक कच्ची हैं, जिनमें केवल मिट्टी डाली गई है। बारिश में कीचड़ व फिसलन के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई लोग चोटिल हो चुके हैं
सीवरेज और जलभराव से बिगड़ जाते हैं हालात
कॉलोनीवासियों ने बताया कि सीवरेज व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी गलियों में खुले में बहता है, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बना रहता है। बरसात में जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। गली गारा में तबदील हो जाती है, जिससे हर दिन कोई न कोई घिर जाता है।