कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्लीपर बस बैरिकेडिंग तोड़कर सड़क निर्माण क्षेत्र में घुस गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं। बस ने पहले मोटर ग्रेडर को टक्कर मारी। इसके बाद वह कोल्ड मिलिंग मशीन से टकराई। बस की चपेट में आने से 30 वर्षीय मजदूर रुप चंद के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जब कुरुक्षेत्र से अंबाला की तरफ सड़क निर्माण चल रहा था। निर्माण स्थल पर सुरक्षा बोर्ड और बैरिकेडिंग लगाई गई थी।
अंबाला की तरफ से आ रही बस अनियंत्रित होकर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए निर्माण क्षेत्र में घुस गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, हालांकि किसी यात्री को ज्यादा चोट नहीं आई। पुलिस ने बस चालक मनोज कुमार को केबिन से निकालकर एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। मनोज कुमार हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले का रहने वाला है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रायपुर गांव निवासी रूपचंद के रूप में हुई। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में दो बेटे, दो बेटियां हैं, जिनमें एक ढाई साल की है। रुप चंद रोजी-रोटी के लिए कुरुक्षेत्र आया था और 20 दिन पहले ही हाईवे निर्माण कार्य में लगा था। थाना सदर थानेसर के जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को कब्जे में ले लिया गया है। बस अमृतसर से दिल्ली जा रही थी। रुप चंद के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है और मामले की जांच जारी है।