कुरुक्षेत्र। विजेता खिलाड़ियो को पोडियम पर सम्मानित करते खेल आयोजक। संवाद
शाहाबाद। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) गुरुग्राम क्षेत्र की 55वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन हैंडबॉल, कबड्डी और खो-खो स्पर्धाओं के विजेताओं का फैसला हो गया। हैंडबॉल में केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 अंबाला छावनी, कबड्डी में केंद्रीय विद्यालय बेहोली और खो-खो में केंद्रीय विद्यालय रघुनाथपुरा ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी-अपनी स्पर्धाओं में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
हैंडबॉल प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 अंबाला छावनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 अंबाला छावनी को रजत पदक मिला, जबकि केंद्रीय विद्यालय हिसार छावनी ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय बहोली ने फाइनल मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। केंद्रीय विद्यालय सुबाथू दूसरे स्थान पर रहा और उसे रजत पदक मिला, जबकि केंद्रीय विद्यालय नाहरा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
अंडर-14 बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय रघुनाथपुरा ने पहला स्थान हासिल किया। केंद्रीय विद्यालय बंगाना ने रजत और केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 चंडीमंदिर ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को केवीएस गुरुग्राम क्षेत्र के सहायक आयुक्त ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 अंबाला छावनी के प्राचार्य अजीत सिंह, केंद्रीय विद्यालय नंबर-4 अंबाला छावनी के प्राचार्य अमन गुप्ता तथा मेजबान केंद्रीय विद्यालय मथाना के प्राचार्य बस्ती राम सहित विभिन्न विद्यालयों के अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।