कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल के प्रांगण में शनिवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर-शिक्षक कर्मचारी टी-20 प्रतियोगिता के अनौपचारिक मैचों का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में पहला मैच कुवि एडमिन प्लेयर्स टीम व कुवि स्पार्टन टीम के बीच खेला गया। इस दौरान विवि के सहायक कुलसचिव विनोद वर्मा ने टॉस उछालकर प्रतियोगिता के पहले मैच की शुरुआत की।
टॉस जीतकर कुवि स्पार्टन टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 186 रनों का लक्ष्य दिया। स्पार्टन टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए सुशील यादव ने प्रतियोगिता का पहला अर्धशतक बनाया। उन्होंने मात्र 34 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली, जिसमें छह छक्के व दो चौके शामिल रहे। सुशील यादव को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। स्पार्टन के दूसरे बल्लेबाज सलीम ने 18 गेंदों में 42 ताबड़तोड़ रन बनाए, जिसमें चार छक्के व तीन चौके लगाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुवि एडमिन प्लेयर्स की पूरी टीम 20 ओवर में 148 रन बना सकी। एडमिन प्लेयर्स की ओर से सुमित ने 26, अजय यादव ने 25 तथा रवि चौहान ने 22 रनों की पारी खेली। अरविंद श्रीवास्तव व रशपाल सिंह ने अंपायर की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का आगामी मैच शनिवार को कुवि स्टार इलेवन व स्पाइडर इलेवन के बीच खेला जाएगा।