कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल के खेल मैदान में रविवार को कुवि के गैर-शिक्षक कर्मचारी टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे अनौपचारिक लीग मैच का आयोजन किया गया, जिसमें एडमिन प्लेयर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पाइडर इलेवन को 20 ओवर में 234 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। एडमिन प्लेयर्स की ओर से ओपनर बल्लेबाज पवन शर्मा ने 21 तथा रविंद्र सैनी ने 41 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी।
अजय यादव ने 36 रन बनाए व रवि चौहान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 32 गेंदों में सात चौके व चार छक्के लगाकर 67 रनों की नाबाद पारी खेली। स्पाइडर की ओर से विजय जांगड़ा ने तीन तथा राहुल धीमान, संजय व रशपाल ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए स्पाइडर इलेवन की टीम ने पावर प्ले में दो विकेट जल्दी खो दिए तथा निर्धारित 20 ओवर में टीम सात विकेट खोकर 149 रन ही बना सकी। कुवि एडमिन प्लेयर्स की ओर से सुमित मैहला ने दो तथा रवि चौहान, पवन शर्मा, अजय यादव ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। मैच में बल्लेबाजी व गेंदबाजी करने के लिए रवि चौहान को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। मैच में अंशुल शर्मा एवं सुशील यादव ने अंपायर की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का अगला मैच सोमवार को दोपहर दो बजे कुवि स्पार्टन व अकाउंट्स ब्रांच टीम के बीच खेला जाएगा।