कुरुक्षेत्र कुटा चुनाव में प्रधान पद के प्रत्याशी डॉ. परमेश कुमार ।
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में 20 अक्तूबर को होने वाले कुटा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने-अपने पक्ष में लेने के लिए प्रचार शुरू कर दिया है। सभी प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में लेने के लिए वाट्सएप सहित डोर-टू-डोर जाकर संपर्क साध रहे हैं।
उधर, प्रधान पद के लिए प्रत्याशी डॉ. परमेश कुमार ने सोमवार को शिक्षकों से संपर्क साधकर अपना चुनावी एजेंडा जारी किया। डॉ. परमेश कुमार चार बार कुटा सचिव और दो बार कुटा प्रधान रह चुके हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में सभी शिक्षकों के साथ तालमेल बनाकर प्रदेश स्तर और विश्वविद्यालय स्तर पर संघर्ष करके छठे और सातवें वेतन आयोग को लागू करवाने में अहम भूमिका निभाई थी। डॉ. परमेश कुमार ने बताया कि उनके लिए शिक्षक हित सर्वोपरि है और वह पहले भी शिक्षक हितों के लिए प्रदेश स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर प्रयास और संघर्ष करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केयू की वित्तीय व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन एवं हरियाणा सरकार के स्तर पर हर तरह के प्रयास करेंगे और हरियाणा सरकार से विश्वविद्यालय के लिए 300 करोड़ रुपये के विशेष आर्थिक पैकेज की मांग करेंगे। 7वें वेतन आयोग की गाइडलाइंस जो दो वर्ष से प्रदेश सरकार के पास लंबित हैं उनको जल्द जारी करवाकर विश्वविद्यालय स्तर पर लागू करवाएंगे। शिक्षकों के 100 प्रतिशत वेतन और पेंशन के लिए सरकार से ग्रांट जारी करवाने के लिए प्रयास किया जाएगा। सेल्फ फाइनेंस स्कीम में कार्यरत शिक्षकों को 7वें वेतन आयोग का एरियर जल्द से जल्द दिलवाया जाएगा और प्रोफेसर के पद पर पदोन्नति के लिए काम किया जाएगा। सभी शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति को जल्द से जल्द करवाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर विशेष प्रयास किया जाएगा सहित अन्य एजेंडों पर काम किया जाएगा।