कुरुक्षेत्र। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का वीरवार को समापन हो गया। जिले में हुई हॉकी और साइकिलिंग स्पर्धा में कुरुक्षेत्र की टीम ने जीत हासिल की। हॉकी में कुरुक्षेत्र की टीम ने कैथल को हराकर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। साइकिलिंग में महिला-पुरुष रेस में 72 अंक प्राप्त कर कुल 13 पदक लेकर ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम कर ली। हालांकि फुटबॉल (महिला) में कुरुक्षेत्र का सफर सेमीफाइनल मैच में खत्म हो गया था, जबकि जूडो में कुरुक्षेत्र के खिलाड़ियों ने छह पदक हासिल किए। सभी मुकाबलों में कुरुक्षेत्र ने सात स्वर्ण समेत कुल 20 पदक प्राप्त किए।
शाहाबाद के एस्ट्रोटर्फ पर सुबह 10 बजे कुरुक्षेत्र और कैथल की टीम के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में कुरुक्षेत्र की टीम ने कैथल को 4-1 के अंतर से मात देकर पहला स्थान हासिल किया। मैच में दोनों टीम पहले हाफ तक कोई भी गोल नहीं कर पाई, मगर दूसरे हाफ के तीसरे क्वार्टर में कुरुक्षेत्र की टीम ने चार और कैथल ने एक गोल किया। वहीं तीसरे स्थान के लिए सोनीपत और जींद की टीम के बीच मैच हुआ। इसमें सोनीपत ने जींद को 5-1 के अंतर से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। खेल विभाग के उप-निदेशक सतबीर सिंह ने विजेता टीमों के खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया।
उधर, फुटबॉल में द्रोणाचार्य खेल स्टेडियम में भिवानी और जींद के बीच फाइनल में मैच हुआ। ये मैच एकतरफा ही रहा। हालांकि जींद के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया, मगर भिवानी की टीम ने जींद को 2-0 से हराकर फाइनल मुकाबला जीत लिया। इसके अलावा तीसरे नंबर के लिए हिसार और रोहतक के बीच मुकाबला हुआ। हिसार ने रोहतक को 3-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।
बाक्स
साइकिलिंग में कुरुक्षेत्र बना ओवरऑल चैंपियन
साइकिलिंग कोच पंजाब सिंह ने बताया कि साइकिलिंग में कुरुक्षेत्र के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की। कुरुक्षेत्र (महिला-पुरुष मुकाबले में) 72 अंक लेकर पहले स्थान पर रहा। झज्जर ने 41 अंक प्राप्त कर रजत और हिसार ने 40 अंक के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया। कुरुक्षेत्र ने छह स्वर्ण, चार रजत, तीन कांस्य, झज्जर ने तीन स्वर्ण, तीन रजत, पांच कांस्य हासिल किए। हिसार ने दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए। वहीं कुरुक्षेत्र की वंशिका को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वंशिका ने चार स्वर्ण, दो रजत सहित सात पदक हासिल किए।
बाक्स
जूडो में झज्जर ने झटके 11 पदक
जूडो में विभिन्न वर्ग में झज्जर ने ओवर ऑल दो स्वर्ण के साथ 11 पदक लेकर पहला, सोनीपत ने दो रजत पदक के साथ 11 और हिसार ने भी 11 पदक हासिल किए, जबकि कुरुक्षेत्र को छह पदक से ही संतोष करना पड़ा। इससे पहले +100 किलो वर्ग भार में करनाल का अभय पहले, सोनीपत का दीपक दूसरे और झज्जर का सतिन तीसरे स्थान पर रहा। वहीं महिला -78 किलो में रोहतक की राधिका, करनाल की ज्योति व झज्जर की अंजलि और +78 किलो में करनाल की रिंपल, कुरुक्षेत्र की संयोगिता व कैथल की ज्योति क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं।