कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में 30 अप्रैल को रोहित सरदाना स्मृति व्याख्यान माला के साथ-साथ रोहित मेमोरियल अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के निर्भीक, जुझारू और अभिव्यक्ति के लिए लिखने वाले युवा पत्रकार को 21 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र से नवाजा जाएगा, जो पूर्व छात्र परिषद विद्या भारती व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पत्रकारिता संस्थान की ओर से आयोजित होगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय है, जो इस तरह की पहल कर रहा है।
जाने-माने पत्रकार रोहित सरदाना कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं। यहां के एलुमनाई होने के कारण उनकी याद में यह आयोजन हर साल किया जाएगा। इसमें युवा पत्रकारों को विवि सम्मानित करेगा। पहले वर्ष मात्र एक राष्ट्रीय स्तर के पत्रकार को सम्मानित किया जाएगा। वहीं अगले वर्ष यह आंकड़ा तीन युवा पत्रकारों तक होगा जिसमें एक राष्ट्रीय, एक राज्य स्तरीय और एक जिला स्तरीय पत्रकार शामिल होगा।
इस साल इस आयोजन में रोहित सरदाना के परिवार के साथ-साथ वे शिक्षक भी आमंत्रित किए जाएंगे, जहां-जहां कुरुक्षेत्र में उन्होंने पढ़ाई की। इसके अलावा रोहित के परिवार, सम्मानित होने वाले पत्रकार के परिवार और मीडिया की पढ़ाई कर रहे सभी छात्र, चाहे वे स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालय स्तर के हों, उन सभी को आमंत्रित किया जाएगा।