कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के नरहरि छात्रावास में आउट साइडर और शरारती तत्वों ने रविवार रात जमकर उत्पात मचाया। विश्वविद्यालय के दो छात्र गुटों के बीच जमकर लाठी, डंडे और हॉकियां चलीं।
मामला दो छात्र गुटों और इनके आउट साइडर साथियों की वजह से बिगड़ा। इस उत्पात से पहले छात्रों ने जमकर शराब पी रखी थी। इस दौरान एक गुट के छात्रों से मारपीट की गई।
इससे गुस्साए दूसरे गुट ने पलटवार करते खूब डंडे-हॉकियां चलाईं। इसमें कई छात्र जख्मी हो गए। समाचार लिखे जाने तक केयू प्रशासन की ओर से न तो पुलिस को कोई लिखित शिकायत की गई और न ही छात्रों पर कार्रवाई हुई।
चीफ वार्डन डॉ. सतदेव और केयू हॉस्टल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुरेश ड्रोलिया ने झगड़े की पुष्टि तो की, लेकिन झगड़े में कौन-कौन शामिल थे, इस बारे में बताने से मना कर दिया।
उनके मुताबिक रविवार रात दो छात्र गुटों में झगड़े की जानकारी मिलने पर सुरक्षाकर्मी और पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस के आने की सूचना मिलते ही शरारती फरार हो गए। उन्होंने माना कि नरहरि छात्रावास से डंडे-हॉकियां बरामद की गई हैं।
मामले का खुलासा आज करेंगे
केयू के चीफ वार्डन डॉ. सतदेव के मुताबिक झगड़े में कौन-कौन शामिल थे, अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है। कल तक खुलासा कर दिया जाएगा। दो छात्र गुटों में झगड़ा हुआ है। इसकी जांच की जा रही है।
केयू प्रशासन लाचार
केयू हॉस्टलों में बिगड़ते वातावरण को सुधारने और शरारती तत्वों पर अंकुश लगाने में केयू प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। पूरे सत्र के दौरान केयू के हॉस्टलों में हमले, मारपीट और उत्पात मचाने के समाचार लगातार सामने आए हैं।