कुरुक्षेत्र। उपायुक्त ने शुक्रवार को सरकार की ओर से प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) की भागीदारी के साथ अन्न भंडारण की महत्वाकांक्षी योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत गोदाम के निर्माण में कुरुक्षेत्र जिला अहम भूमिका निभाएगा। जिले में भी अन्न भंडारण योजना के तहत गोदामों का निर्माण होना है। अन्न भंडारण की सुविधा स्थानीय किसानों के लिए लाभदायक साबित होगी। जिले में कई स्थानों को चिन्हित किया गया है। इनमें से सभी शर्ताें को पूरा करने वाली जगह का प्रस्ताव तैयार करके भेजा जाएगा।
उपायुक्त ने इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और गति प्रदान करने के लिए अधिकारियों की गठित कमेटी को उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को इस परियोजना को गंभीरता और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में योजना के तहत जिले में प्रस्तावित गोदामों के निर्माण के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि कम समय में गोदामों का निर्माण कार्य पूरा कराकर इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारा जाए, ताकि भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की पहल सहकारी से समृद्धि को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिकारियों ने जिले में भंडारण क्षमता बढ़ाने, किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अपने-अपने सुझाव भी रखे।
बैठक में सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां कुरुक्षेत्र (मीटिंग संयोजक), महाप्रबंधक सहकारी बैंक कुरुक्षेत्र सहित खाद्य आपूर्ति विभाग, केंद्रीय भंडारण निगम, राज्य भंडारण निगम, नाबार्ड और भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों ने भाग लिया।