कीर्तिनगर स्कूल को गांधी नगर विद्यालय में मर्ज न किए जाने की मांग पर जिला परिषद अध्यक्ष प्रवीण चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया। कालोनी निवासियों ने प्रवीण चौधरी से स्कूल को उसी जगह पर चलाने की मांग की है।
जिला परिषद अध्यक्ष ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि गरीब विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्राप्त हो सके।
जिला परिषद अध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में राजकीय प्राथमिक पाठशाला कीर्ति नगर की एसएमसी अध्यक्ष सीमा ने बताया कि कीर्तिनगर निवासियों की मांग पर दो वर्ष पहले कॉलोनी में स्कूल स्थापित किया गया था।
इसे शिक्षा विभाग ने गांधीनगर स्थित स्कूल में मर्ज करने का आदेश जारी कर दिया है।
उन्होंने बताया कि स्कूल में इस समय दो सौ से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि जहां स्कूल मर्ज किया गया है वहां दिन में दो शिफ्ट में स्कूल लगाने की बात कही जा रही है।
उन्होंने बताया कि कीर्तिनगर के बच्चों को स्कूल में शाम के समय आने को कहा है। इस मामले में प्रवीण चौधरी ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।