कुरुक्षेत्र। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले में घरों पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाने में कुरुक्षेत्र प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। जिले में केंद्र सरकार की इस योजना के तहत 4677 घरों पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाने का लक्ष्य मिला, जिसे 31 मार्च तक पूरा करना है। हरियाणा उत्तरी बिजली वितरण निगम की तरफ से 18 दिसंबर तक 3547 घरों पर सौर ऊर्जा प्लांट लगा दिए गए हैं। 18 दिसंबर तक 5223 लोगों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि यूएचबीवीएन ने जिले में घरों पर सौर ऊर्जा के प्लांट स्थापित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया है। इस योजना के लिए लोगों को जागरूक किया और विभाग के अधीक्षक अभियंता एमजी जिंदल और उनके टीम सराहनीय कार्य कर रही है। जिले में सरकार की योजना के अनुसार केंद्र सरकार की तरफ से एक किलोवाट पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
सब्सिडी के अलावा राज्य सरकार की तरफ से जिन परिवारों की आय एक लाख 80 हजार से कम है, उनको एक किलोवाट के सौर ऊर्जा प्लांट लगाने पर 25 हजार रुपये और दो किलोवाट पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी उपलब्ध करवाई जाएगी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से कई प्रकार के लाभ होते हैं। हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती है। सोलर पैनल लगाने के लिए एक लाख 10 हजार रुपये तक सब्सिडी दी जा रही है।