ब्रह्मसरोवर पर केडीबी की पार्किंग में कारिंदों ने रविवार को जमकर बवाल काटा। इस दौरान उन्होंने न केवल दो महिलाओं सहित छह लोगों को जख्मी कर दिया, बल्कि एक महिला के कपड़े फाड़ने का भी प्रयास किया।
इस वारदात में जख्मी छह लोग कुरुक्षेत्र के लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में दाखिल हैं। पुलिस ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की ठेके पर दी गई पार्किंग में कार्यरत करीब छह लोगों काबू किया है।
हालांकि हमलावरों की संख्या 20 के करीब बताई गई है। ब्रह्ममसरोवर के गीता केंद्र में स्थित केयू आदर्श थाना के एसएचओ योगेश कुमार ने बताया कि मामले में आरोपियों में से कुछ को काबू किया गया है।
पीड़ित पक्ष और आरोपियों से पूछताछ जारी है। नियमानुसार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर, समाचार लिखे जाने तक पार्किंग के ठेकेदार सोनीपत वासी राकेश कुमार से संपर्क करना चाहा, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इधर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के संपदा अधिकारी राजीव शर्मा ने घटना की निंदा की है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई यात्री इसकी शिकायत देगा तो कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखेंगे।
हमले में ये हुए घायल
-----------------------------
केडीबी पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में जिला करनाल के निसिंग वासी नरेश कुमार पुत्र जानीराम, चंद्रभान पुत्र जानीराम, सतीश कुमार पुत्र चंद्रभान एवं रीना पत्नी नरेश कुमार और अनिता देवी पत्नी सतीश शामिल हैं। इनमें रीना का आरोप है कि हमलावरों में शामिल कुछ आरोपियों ने उसके कपड़े तक फाड़ने का प्रयास किया।
कुरुक्षेत्र स्नान के लिए गए थे
केडीबी की पार्किंग में श्रद्धालु पार्किंग की पर्ची के कारण हमले का शिकार हुए वे ट्रक में सवार होकर त्रिलोकपुर वाली देवी के दर्शनों के बाद कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर में स्नान करने आए थे।
पीड़ित पक्ष के अनुसार उन्होंने पार्किंग में ट्रक खड़ा भी नहीं किया था और पार्किंग की पर्ची काटने वाले जबरन उनकी पर्ची काटने लगे।
श्रद्धालुओं ने बताया कि पार्किंग की पर्ची काटने वालों को बताया था कि ट्रक सभी श्रद्धालुओं को उतार कर जा रहा है। उन्हें ट्रक को पार्किंग में नहीं लगाना।
लेकिन वाहन खड़ा न करने बावजूद पार्किंग में लगे लोग जबरन पर्ची काटने की जिद पर अड़ गए,जब मना किया तो इन्होंने फोन करके करीब 20 लोगों को बुला लिया और हमला कर दिया।
बाक्स
पिटने नहीं आते यात्री
---------------------------------
श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोधार सभा के संरक्षक जयनारायण शर्मा एडवोकेट ने कहा कि पार्किंग वाले ब्रह्मसरोवर और सन्निहित सरोवर से निकलने वाले वाहनों तक की पर्ची काटते हैं।
इसकी शिकायत केडीबी को की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यात्री कुरुक्षेत्र में तीर्थ करने के लिए आते हैं,पिटने के लिए नहीं। जब किसी यात्री को वाहन लगाना ही नहीं हैतो उससे पार्किंग शुल्क क्यों वसूला जाता है।
बाक्स
अधिकारियों को अवगत कराया है
-------------------------------
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय सचिव खरैती लाल सिंगला के मुताबिक पार्किंग वालों की जबरन वसूली अधिकारियों को बताई जा चुकी है।
यहां तक की इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने इस अवैध वसूली को बंद कराने के लिए केडीबी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन भी किया था। उन्होंने कहा कि उस दौरान यह जबरन वसूली वाली पार्किंग फीस बंद कर दी गई थी, लेकिन अब एक बार फिर यह जबरन वसूली शुरू हो चुकी है।
बाक्स
पार्किंग में लगाने पर ही शुल्क: शर्मा
--------------------------------
केडीबी के संपदा अधिकारी राजीव शर्मा के मुताबिक केडीबी ने करीब 12 लाख रुपये सालाना पर सोनीपत वासी ठेकेदार राकेश कुमार को ठेका दिया हुआ है। साथ ही ठेकेदार सिर्फ पार्किंग साइट पर ठीक से वाहन खड़ा कराने के बाद ही शुल्क ले सकता है। यदि कोई वाहन ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में आकर यात्रियों को उतार कर कहीं अलग जगह पर वाहन खड़ा करता है तो इसका शुल्क नहीं लिया जा सकता।