पंजाब में विभिन्न रूटों से होकर जाने वाली रोडवेज की बस सेवा पर कुरुक्षेत्र डिपो ने रोक लगा दी है। संबंधित रूटों पर जाने वाले यात्रियों को अचानक जब इस बात की जानकारी मिली तो वे भी हक्के-बक्के रह गए।
टीएम मेजर सिंह ने बताया कि वीरवार देर शाम से डिपो से अमृतसर, लुधियाना, पठानकोट, पटियाला तथा पंजाब से होकर जाने वाली जम्मू-कटरा आदि रोडवेज बसों पर रोक लगा दी गई है। वीरवार को जो भी बसें पंजाब की तरफ जा चुकी थी, उन्हें वापस बुला लिया गया है। इसके अलावा पंजाब को जाने वाली बसों की सेवा शुक्रवार को भी पूरी तरह बंद रही। उन्होंने बताया कि एसवाईएल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा हरियाणा के पक्ष में दिए गए फैसले के बाद किसी तरह की अनहोनी से बचाव के लिए चौकसी बरती गई है। इसी के चलते हरियाणा परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बसों पर यह रोक लगाई गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की तरफ जाने वाली बसों को अन्य रूटों पर चलाया गया है। इससे रोडवेज को राजस्व का ज्यादा नुकसान नहीं होगा। टीएम ने उच्चाधिकारियों से निर्देश आने पर ही बसों की सर्विस दोबारा पूरी तरह बहाल करने की बात कही। बताया गया हालांकि एकदम से उठाए गए कदम से यात्रियों को परेशानी हो रही है, लेकिन यात्रा से ज्यादा यात्रियों की सुरक्षा जरूरी है। यही सोचकर कुरुक्षेत्र से पूरे प्रदेश से पंजाब के विभिन्न रूटों पर जाने वाली बसों को बंद कर दिया गया है।
दोपहर बाद चलाई गई पिहोवा-पटियाला रूट पर बस
अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए पिहोवा से पटियाला रूट की बस दोपहर बाद बहाल की गई। लेकिन, पंजाब के लिए अन्य रूट की बसें बंद रहीं। हालांकि पंजाब रोडवेज की बसें हरियाणा में रुटीन में चल रही हैं।