कुरुक्षेत्र में महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के जनसंवाद कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा अनदेखी फिर सामने आई है। शुक्रवार को हुए जनसंवाद कार्यक्रम में जिलाशिक्षा अधिकारी व खंडशिक्षा अधिकारी दो घंटे लेट पहुंचे, जिसके चलते उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
यहीं नहीं राज्यमंत्री ने कड़ी सख्ती दिखाते हुए अन्य अधिकारियों को भी इस तरह की अनदेखी व लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी तो वहीं यह भी कहा कि अधिकारियों को ऐसे हर कार्यक्रम को गंभीरता से लेना चाहिए। ये कार्यक्रम लोगों की सुनवाई के लिए है, ताकि उनकी समस्या को मौके पर ही निपटाया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश की महत्वाकांक्षी योजना है और मुख्यमंत्री स्वयं जनसंवाद कार्यक्रमों की निगरानी और शिकायतों की समीक्षा कर रहे हैं। राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने गांव समसपुर, मुंडा खेड़ी, घराड़सी, हथीरा व किरमच में जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान लोगों की समस्याओं का निवारण किया।
इन सभी पांच गांवों में राशन कार्ड, पेंशन, परिवार पहचान पत्र, बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं के निदान के लिए एसडीएम को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री के समक्ष जब गांव समसपुर में शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायत आई तो मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारी न होने पर कड़ा संज्ञान लिया गया। उन्होंने डीईओ और बीईओ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संकल्प आमजन के जीवन में सरलता लाना है। इस विषय को जहन में रखते हुए बिचौलिया तंत्र को समाप्त करने और सरकारी योजनाओं तथा सेवाओं को पारदर्शी तरीके से आमजन तक पहुंचाने का काम प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है।
नप की निवर्तमान अध्यक्षा उमा सुधा ने विधायक सुभाष सुधा द्वारा थानेसर हलका में करवाए गए विकास कार्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला। भाजपा युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहिल सुधा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर नगर परिषद की निवर्तमान अध्यक्षा उमा सुधा, भाजपा युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहिल सुधा, एसडीएम सुरेंद्र पाल, जिला परिषद के सीईओ अशोक कुमार, डीएसपी सुभाष चंद्र, ब्लॉक समिति के पूर्व चेयरमैन देवी दयाल घराड़सी, ब्लॉक समिति चेयरमैन के प्रतिनिधि राममेहर शास्त्री, मंडल प्रधान रमेश, सरपंच मनोज गुर्जर, सोमप्रकाश, कृष्ण कुमार, सीमा देवी, सरपंच सोनिया रानी, प्रतिनिधि सोहन, रीना रानी, पूर्व सरपंच राजेंद्र आदि मौजूद थे।
एक अधिकारी को सस्पेंड व तीन को नोटिस जारी करने के पहले दिए जा चुके निर्देश
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने 30 अक्तूबर को पिहोवा के गांव सारसा व संधौली में जनसंवाद किए थे, जहां समाज कल्याण अधिकारी ने अपनी जगह डाटा एंट्री ऑपरेटर को भेज दिया था। राज्यमंत्री ने इस अधिकारी को सस्पेंड करने व जीएम रोडवेज, जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन व एडीओ को गैर हाजिर रहने पर स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया था जबकि गांव मलिकपुर में देर से पहुंचे पिहोवा के बीईओ को भी कड़ी चेतावनी दी थी।
एसडीएम को दिए प्रार्थी को रिक्शा दिलवाने के निर्देश
गांव घराड़सी में कार्यक्रम के दौरान प्रार्थी कृष्ण कुमार ने राज्यमंत्री को आवेदन दिया कि दोनों टांगों से दिव्यांग है। इसलिए उसे बैटरी संचालित रिक्शा उपलब्ध करवाई जाए। इस आवेदन पर राज्यमंत्री ने एसडीएम को निर्देश दिए कि प्रार्थी को रिक्शा दिलवाई जाए। उधर राज्यमंत्री के समक्ष पीला कार्ड ना होने की समस्याओं को गांव घराड़सी के लोगों ने खुलकर रखा। इस गांव के लोगों की समस्या को जानने तथा फीडबैक लेने के उपरांत दिलबाग सिंह, मधु और राकेश कुमार के पीले राशन कार्ड मौके पर ही बनवाए।